मेरठ। एक पेड़ मां के नाम 2.0 वन महोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी डॉ वी.के. सिंह ने कैम्प कार्यालय में पौधा रोपण किया। जिसके बाद कमिश्नरी गेट के बाहर जिलाधिकारी ने एक पेड़ मां के नाम 2.0 वन महोत्सव कार्यक्रम रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने आमजन से एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान से जुड़ने और अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान करने की अपील की। रैली में कई स्कूली बच्चों समेत एनसीसी कैडेट्स और समाजसेवी भी जुड़े, जो हाथ में बैनर-पोस्टर लेकर पर्यावरण के प्रति जागरूक करते हुए चले। इस अवसर पर प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग वंदना फोगाट, सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी, एनवायरमेंट क्लब की टीम भी शामिल हुई।