मऊ जिले की कोपागंज पुलिस और एसओजी टीम को सोमवार की देर रात बड़ी सफलता मिली। संयुक्त टीम ने एक किलोमीटर तक पीछा कर काछीकला ओवरब्रिज के पास से शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार जा रहे एक ट्रक को पकड़ लिया। साथ ही पुलिस ने तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कीमत नौ लाख आंकी गई है। कोपागंज और एसओजी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक शराब की खेप लेकर बिहार के लिए गुजरने वाली है। इसको लेकर दो टीमों ने भदसा मानोपुर फोरलेन के पास घेराबंदी कर दी। बताया कि सोमवार की रात करीब 10:30 बजे एक ट्रक को जब संयुक्त टीम ने रोकने का प्रयास किया तो रूकने की बजाए भागने की कोशिश की, लेकिन पहले से अर्लट दोनों टीमों ने दोनों तरफ के रास्ते को बैरीकेडिंग कर दिया था।