मऊ जिले के मुहम्मदाबाद गोहना तहसील अधिवक्ता संघ ने शुक्रवार को "मैं ही भ्रष्ट तहसीलदार हूं" लिखकर मुख्य द्वार पर तहसीलदार अनीस सिंह का पुतला दहन किया। भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की और 10वें दिन तहसीलदार न्यायालय का बहिष्कार किया। इस दौरान तहसीलदार के स्थानांतरण की मांग की। अधिवक्ता संघ के तहसील अध्यक्ष फिरोज अहमद सिद्दीकी ने बताया कि तहसील के सभी अधिवक्ताओं ने दूर दूर से आने वाले वादकारियों और अधिवक्ताओं की विभिन्न समस्याओं के निवारण के लिए कई बार तहसील प्रशासन के सामने आवाज उठाई। लेकिन तहसील प्रशासन द्वारा लगातार उनकी मांगों को नजरअंदाज करते हुए लापरवाही की जा रही है।