नगर के बलिया मोड़ स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में शुक्रवार को जनपद स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा की मौजूदगी में जनपद की अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी रश्मि सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान ही मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज 5 के तहत रश्मि सिंह द्वारा वहां उपस्थित लोगों को सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। अपने संबोधन में रश्मि सिंह ने युवाओं को खेलकूद में प्रतिभाग करने हेतु प्रेरित किया तथा महिलाओं के सशक्तिकरण, स्वावलंबन एवं सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरुक भी किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रवीण मिश्रा ने मिशन शक्ति फेज 5 के तहत जनपद में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए महिलाओं के प्रति अच्छी सोच रखने तथा उन्हें जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने हेतु प्रेरित किया।बताते चले कि मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के दौरान जिला प्रशासन द्वारा महिलाओं के स्वावलंबन, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु विभिन्न कार्यक्रम अलग-अलग तिथियों में अयोजित किए जा रहे हैं तथा लोगों को महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।