केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर शनिवार को मऊ में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में हाथ में सिलिडंर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बढ़े गैस सिलिंडर की कीमतों को कम करने और लोगों को उनकी जरूरत के अनुसार सिलिंडर की सप्लाई, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू करने, गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी और बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण के लिए केंद्र सरकार स्पष्ट और जवाबदेह नीति घोषित करने की मांग के संबंध में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौपा। जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर के दामों में 60 रुपया और कमर्शियल गैस सिलिंडर के दामों में 120 रुपया की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े लाखों छोटे कारोबारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस गंभीर स्थिति से निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि अमेरिका के दबाव में रूस से सस्ता तेल खरीदने में कमी करने के कारण देश को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिसका सीधा असर महंगाई के रूप में देश की जनता पर पड़ रहा है। कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में कुछ निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। इस अवसर पर अवधेश मौर्या, अविनाश सिंह लाला, पुष्पेंद्र राणावत, मनोज कुमार, विजय यादव, रीता भारती, इकबाल अहमद, अंकुर यादव, सुभाष यादव, बिपिन कुमार, ऋषिकेश पांडेय, जयराम यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।