नगरपालिका प्रशासन की उदासीन कार्य प्रणाली का खामियाजा विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्युत उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। नगर के सहादतपुरा स्थित विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सामने गुजरा नाला जाम होने के चलते लगातार तीन दिन से कार्यालय कैंपस में गंदा पानी जमा है। इससे उपभोक्ताओं को गंदे पानी से होकर बिजली बिल जमा करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी नगरपालिका के अधिकारी गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। नगरपालिका प्रशासन की तरफ से भारी भरकम बजट खर्च कर नालों की साफ सफाई कराई जाती है। लेकिन नालों के आए दिन जाम हो जाने के चलते नगरवासियों को तमाम समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। नगर के सहादतपुरा स्थित विद्युत वितरण खंड प्रथम कार्यालय के पास से गुजरा नाला जाम होने के चलते लगातार तीन से बिजली निगम के कार्यालय कैंपस में गंदा पानी जमा हो गया है। इससे उपभोक्ताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों को गंदे पानी से होकर आना जाना पड़ रहा है। सबसे परेशानी उपभोक्ताओं को गंदे पानी में खड़ा होकर काउंटर पर बिजली बिल जमा करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी नगरपालिका के अधिकारियों ने सुधि लेने की जहमत नहीं उठाई है। इस बाबत विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता भुवनराज सिंह का कहना है कि कार्यालय कैंपस में नाला का गंदा पानी जमा हो गया है। नगरपालिका कार्यालय में शिकायत दर्ज कराया गया है। नगरपालिका के सफाई निरीक्षक राजीव शुक्ला का कहना है कि नाले की सफाई के लिए अवर अभियंता से बात की गई है।