प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को मऊ युवा कांग्रेस ने “बेरोजगारी दिवस” के रूप में मनाया। प्रदेश युवा कांग्रेस पूर्वी के अध्यक्ष विशाल सिंह के निर्देश पर यह कार्यक्रम कोपागंज ब्लॉक में आयोजित हुआ। इसमें पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव कुमार राय के नेतृत्व और युवा कांग्रेस अध्यक्ष अबसार अहमद की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से जूता साफ कर और मोची का काम करके अपनी पीड़ा व्यक्त की।इतना ही नहीं कार्यक्रम में “वोट चोरी के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान” की भी शुरुआत की गई। इस अवसर पर गौरव कुमार राय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल 2 करोड़ रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन 11 साल में 20 लाख रोजगार भी युवाओं को नहीं मिले। उल्टा पकौड़ा बेचने और जूता साफ करने को रोजगार बताकर युवाओं का अपमान किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष इंतखाब आलम ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार वोट चोरी करके सत्ता में आई है और युवाओं का रोजगार छीन रही है। वहीं युवा कांग्रेस अध्यक्ष अबसार अहमद ने कहा कि संगठन हमेशा युवाओं के मुद्दों पर सड़क से लेकर गांव-गांव तक आवाज उठाता रहेगा।इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रत्नेश राय, संजय यादव, धर्मेंद्र सिंह, रामचंद्र राय, त्रिभुवन भारती, रोशन विश्वकर्मा, अमित चौहान, जितेंद्र चौहान, अनिरुद्ध विश्वकर्मा, पवन मल्ल, आफताब अहमद, गिरजेश राय, राकेश राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।