मथुरा के थाना जैंत क्षेत्र के छटीकरा के समीप एक शराब ठेका पर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष दूसरे पक्ष के युवक को कार में डालकर ले गया। उसके साथ मारपीट की। चौमुंहा निवासी पीड़ित विजय सिंह ने बताया कि वह अपने साथी गौरव और कुछ अन्य लोगों के साथ छटीकरा स्थित शराब के ठेके पर गए थे। उनकी स्कार्पियो गाड़ी में गाने बज रहे थे, जिस पर कुछ पहले से मौजूद लोग नाचने लगे। शराब खरीदने के बाद जब वे आगे बढ़े, तो उन लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चंद्रोदय मंदिर के पास आरोपियों ने अपनी कार से स्कार्पियो में पीछे से टक्कर मार दी। घबराकर पीड़ित ने गाड़ी ओमेक्स सिटी के गेट पर रोक दी। यहां भी आरोपियों ने कार से टक्कर मारी। जिससे गाड़ी में बैठे एक लड़के के पैर में गंभीर चोट आई। इसके बाद हमलावर रामताल जाने वाली सड़क पर चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटे और गाड़ी पर अपनी गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। हमलावर के 15 से 20 साथी भी अन्य वाहनों से पहुंच गए। विजय का आरोप है कि इसके बाद हमलावर उसे कार में डालकर ले गए। मारपीट के बाद जान से मारने की धमकी दी। हरियाणा के पलवल स्थित गांव ले गए। विजय ने बताया कि इसके बाद हमलावर उसे पलवल के अलालपुर चौक पर छोड़कर भाग गए। पीड़ित ने थाना जैंत में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।