मथुरा। ब्रजरज महोत्सव में रविवार को खादी के परिधानों में युवतियों ने रैंप पर जलवा बिखेरा। खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से रेलवे ग्राउंड, धौली प्याऊ में खादी फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें दो दर्जन से अधिक युवतियों ने आकर्षक खादी परिधानों में रैंप वॉक कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फैशन शो में खादी के पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का अनूठा संगम देखने को मिला। युवतियों ने अलग-अलग डिजाइन और रंगों के खादी वस्त्र पहनकर रैंप वॉक किया। उनके परिधानों में खादी का आकर्षक और आधुनिक अंदाज नजर आया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि खादी केवल पारंपरिक पहनावा नहीं, बल्कि आधुनिक फैशन का भी अहम हिस्सा है। खादी फॉर नेशन और खादी फॉर फैशन की थीम पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वदेशी वस्त्रों के प्रति आकर्षित करने का प्रयास किया गया। साथ ही खादी को बदलते दौर के फैशन से जोड़कर युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ाने का संदेश दिया गया।