मथुरा के थाना जमुनापार और स्वाट टीम ने बुधवार को रात को 25-25 हजार के इनामी बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने पहले उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने दोनों हत्यारोपी बदमाशों को जेल भेज दिया। एसपी सिटी डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि चार दिसंबर को सिद्धार्थनगर ढेरूआ निवासी बाबू चौधरी पर बाइक सवारों ने फायरिंग की। इसमें वह बाल-बाल बच गए। बाबू चौधरी ने थाना क्षेत्र के ही सिद्धार्थ नगर निवासी धर्मेंद्र उर्फ धर्मू, किनारई निवासी अरुण उर्फ अन्ना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। बुधवार की रात को दोनों हमलावरों के क्षेत्र में होने की सूचना थाना प्रभारी निरीक्षक छोटेलाल और स्वाट टीम प्रभारी अभय कुमार शर्मा को मिली। सूचना पर जमुनापार और स्वाट टीम ने यमुना एक्सप्रेसवे अंडरपास से गांव नगला फार्म जाने वाले रास्ते पर दोनों को घेर लिया। पुलिस को देख बाइक सवारों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश घायल हो गए। इनके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई बाइक, दो तमंचा कारतूस बरामद हुए।