ड्यूटी के दौरान सोमवार को मृत हुए फरह के नगला बांस निवासी सूबेदार लायकराम का शव बुधवार सुबह पैतृक गांव पहुंचेगा। मगर शव आने से पूर्व मंगलवार को परिजन एवं ग्रामीण प्रशासन से शव की अंत्येष्टि के लिए सरकारी जमीन की मांग करते रहे। साथ ही सूबेदार की याद में स्मारक बनाने की मांग पर भी अडे़ हैं। परिजन का आरोप है कि तहसीलदार और लेखपाल व अन्य अधिकारी सुबह से मौके पर हैं, परन्तु अभी तक जमीन की तलाश नहीं हो पाई है। इसी कारण कुछ ग्रामीणों ने कुछ देर फरह अछनेरा मुख्य मार्ग बंद कर दिया, जिसे पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर खुलवाया। तहसीलदार जितेन्द्र कुमार और लेखपाल परिजन के साथ मिलकर जमीन की तलाश कर रहे हैं, मगर जवान की अंत्येष्टि कहां होगी यह तय नहीं हो पाया है। सोमवार को उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में एलओसी से सटे नौगाम सेक्टर में सूबेदार लायकराम की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।