मथुरा के नंदगांव-कामा रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार डंपर ने राैंद दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान लोहरवारी गांव निवासी 35 वर्षीय रीमा के रूप में हुई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने नंदगांव–कामा रोड पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों का कहना था कि इस सड़क से रोजाना अवैध खनन की गिट्टी और बजरी ढोने वाले सैकड़ों डंपर और ट्रक दिनभर गुजरते हैं। ओवरलोड वाहन गांवों के बीच से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, लेकिन कोई रोक टोक नहीं होती। कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिला की मौत के बाद आक्रोश सड़क पर उतर आया और मार्ग पर लंबा जाम लग गया। घंटों तक यातायात पूरी तरह ठप रहा। पुलिस ने माैके पर पहुंच लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।