मथुरा में रक्षाबंधन पर भाई की कलाई पर शुभ मुहूर्त में रक्षा सूत्र (राखी) बांधने के लिए बहनें भोर होते ही घरों से निकल पड़ीं, ताकि दोपहर तक अपने घर लौट सकें। इस दौरान जाम के कारण उन्हें परेशानी हुई। रक्षाबंधन पर शहर के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर भी पूरे दिन जाम की स्थिति रही। जाम खुलवाने को पुलिसकर्मी वाहन चालकों से जूझते नजर आए। शनिवार को शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहनों में भारी उत्सुकता देखी गई। बहनें ससुराल से परिजन के साथ दोपहिया, चौपहिया वाहनों से मायके के लिए निकलीं, लेकिन जगह-जगह लगे जाम के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ी। शहर में होलीगेट, डीगगेट, भरतपुरगेट, कृष्णानगर, भूतेश्वर मार्ग, महोलीरोड, बीएसए कॉलेज रोड समेत लगभग हर प्रमुख मार्ग पर जाम की स्थिति रही।राष्ट्रीय राजमार्ग-19 स्थित आगरा-दिल्ली मार्ग पर सुबह से रात तक जाम के हालात रहे। नरहोली पुल के कारण पुराने एआरटीओ कार्यालय से लेकर जयगुरुदेव तक वाहनों की कतार लगी रही। एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार यादव ने बताया कि जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात किए थे, जिन्होंने जाम खुलवाने के साथ ही यातायात सुचारू कराया।