अयोध्या में सोमवार को जब प्रभु श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी, उसी समय योगीराज श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा में सांप्रदायिक सौहार्द और प्रेम की इबारत लिखी जा रही थी। यहां प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशियां हिंदू-मुस्लिम समाज के नागरिकों ने एकजुट होकर मनाई। हवन कर जय श्रीराम के नारे लगाए। अर्जुनपुरा क्षेत्र को हिंदू-मुस्लिम समाज ने एकजुट होकर सजाया। इसके बाद प्रभु श्रीराम के आगमन की खुशी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-किया गया। इसमें हिंदुओं के साथ मुस्लिम समाज के लोगों ने भी आहुतियां दीं। पूर्णाहुति में भी भाग लिया। भगवान गणेश सहित अन्य देवताओं के जयकारे भी लगाए।