मथुरा के नौहझील क्षेत्र में यमुना नदी ने विकराल रूप धारण कर रखा है। चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आ रहा है। सोमवार को यमुना पुल के समीप स्थित ईंट-भट्ठा में नदी का पानी घुस गया। इससे वहां काम करने वाले मजदूर पानी में फंस गए। ईंट-भट्ठा पर यमुना नदी का पानी चारों तरफ से भर जाने के कारण मजदूरों की झुग्गी-झोपड़ियां ढह गईं। मजदूरों में दहशत फैल गई। वह खुद को बचाने के लिए ईंटों की चट्टानों पर सामान व बच्चों सहित चढ़ गए। इसी बीच क्षेत्र में तेज बारिश शुरू हो गई, जिससे मजदूर वहां घंटों फंसे रहे।