मथुरा-वृंदावन मार्ग पागल बाबा बिजलीघर के सामने बुधवार को विद्युत कटौती से परेशान होकर महिला पुरुषों ने जाम लगा दिया। नाराज स्थानीय लोगों ने दोनों तरफ का रास्ता बंद कर दिया और वाहनों की लंबी लाइन लग गई। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ नारेबाजी की विभाग अधिकारियों की मौके पर बुलाने की मांग की। लोगों कहना था कि सरकार 22 घंटे बिजली आपूर्ति का दावा कर रही है लेकिन क्षेत्र में घंटे बिजली गुल रहती है। इसी बीच प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच में एक ट्रैक्टर चालक जबरदस्ती ट्रैक्टर को आगे बढ़ाने लगा। इस बात पर महिलाओं की ट्रैक्टर चालक से कहासुनी हो गई। महिलाओं ने ट्रैक्टर चालक की जमकर धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत किया। एसपी सिटी ने बताया कि वीडियो के माध्यम से मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। बारिश के बाद बिजली कटौती से लोग काफी परेशान है।