मथुरा में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शुक्रवार को इंडियन यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने बीएसए कॉलेज के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन द्वारा पुतला छीन लिए जाने पर माहौल गरमा गया और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई मथुरा के जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया तथा युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा कार्यकर्ता एवं संगठन पदाधिकारी हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता शिक्षा मंत्री का पुतला दहन करने पहुंचे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुतला छीन लिया। इसके बाद कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। नाराज कार्यकर्ताओं ने 'छात्र विरोधी सरकार हाय-हाय' और 'पेपर लीक बंद करो' जैसे नारों के साथ विरोध जताया। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष हर्ष चौरसिया ने कहा कि देश के करोड़ों छात्र कठिन मेहनत और संघर्ष के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाए रखने में विफल रही है। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गेश बघेल ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक घटनाओं से युवाओं में भारी आक्रोश है। छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन ऐसी घटनाएं उनके सपनों को तोड़ देती हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अनाम धन्य तिवारी ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक युवाओं के आत्मविश्वास को कमजोर कर रहे हैं और छात्र हितों की लड़ाई आगे भी मजबूती से जारी रहेगी। सेवा दल महानगर अध्यक्ष दीपक पाठक ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाएं मेहनती छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं, जिन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। प्रदर्शन में पियूष अग्रवाल, ऋषित भारद्वाज, गौरव कश्यप, केशव मित्तल, पवन कोयड़ सहित अनेक छात्र एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।