मथुरा के मांट में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान कल्याण समिति द्वारा तहसील का घेराव कर धरना प्रदर्शन किया गया। छह सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम मांट को ज्ञापन सौंपा। एक माह में समस्याओं का समाधान न होने पर विशाल धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। तहसील मांट में किसानों की समस्याओं को लेकर घेराव किया गया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। भारतीय किसान कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू कटेलिया ने कहा कि अब तक किसानों की समस्याओं को लेकर चार बार धरना प्रदर्शन किया जा चुका है, लेकिन किसी भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है। तहसील में किसी भी विभाग में बिना रिश्वत दिए कोई काम नहीं होता है। बारिश होने से किसानों की फसल चौपट हो गई, लेकिन कोई मुआवजा अभी तक किसी किसान को नहीं दिया गया है। भाकियू भानु के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरेश ठेनुआ ने धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा की किसानों की जमीन को यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण ने तो अधिग्रहण कर लिया लेकिन अतिरिक्त मुआवजा 64.7 प्रतिशत का अभी तक नहीं मिला है। किसान नेता रवेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों को खेत की वुबाई करने के लिए डीएपी नहीं मिल रही है। कई बार अधिकारियों से कहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।