मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र की ब्राह्मण कॉलोनी में चोरों ने बंद मकान पर धावा बोलते हुए घर से सोने के आभूषण और एक लाख रुपए नकदी चुरा ले गए। जिला डीग राजस्थान निवासी नेत्रपाल फिलहाल ब्राह्मण कालोनी गोवर्धन में रहते हैं। शुक्रवार को वे अपनी पत्नी रजनी के साथ किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दे दिया। चोर सोने के जेवरात समेत एक लाख रुपए की नकदी चुरा ले गए। रविवार की सुबह जब वे वापस आए तो उन्हें ताले टूटे हुए मिले और घर का सामान बिखरा हुआ था। पीड़ित नेत्रपाल ने घटना की तहरीर थाना गोवर्धन में दी है। पुलिस के अनुसार मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।