श्रीधाम वृंदावन स्थित छत्तीसगढ़ आश्रम में शनिवार को जगतगुरु रामानंदाचार्य अभिनंदन महोत्सव एवं आचार्य रामचंद्र दास महाराज की चादरपोशी का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन चैत्र पूर्णिमा के अवसर पर प्रातः 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक परिक्रमा मार्ग स्थित संकट मोचन क्षेत्र के कुंभ परिक्षेत्र में संपन्न होगा। समारोह में श्री तुलसी पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानंदाचार्य और रामभद्राचार्य महाराज का अभिनंदन किया जाएगा। श्री पंच हरि व्यासी महानिर्वाणी निर्मोही अखाड़ा, छत्तीसगढ़ कुंज के उत्तराधिकारी के रूप में आचार्य रामचंद्र दास महाराज की महंताई चादरपोशी की जाएगी। समारोह की जानकारी देते हुए आचार्य रामचंद्र दास महाराज ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी कार्यक्रम में सम्मिलित होने की संभावना है। साथ ही देशभर से अनेक प्रमुख संतों का समागम भी इस अवसर पर होगा। इनमें प्रमुख रूप से बाबा रामदेव, आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, माताजी ऋतंभरा, गुरु शरणानंद महाराज, मुरली दास महाराज, राजेंद्र दास महाराज, वैष्णो दास महाराज, मौनी महाराज आदि संत शामिल होंगे। आचार्य रामचंद्र दास महाराज ने कहा कि महाकुंभ के सफल आयोजन के बाद संत समाज की ओर से यह सम्मेलन संत परंपरा और सनातन धर्म के प्रति आभार और आस्था का प्रतीक है।