मथुरा के नंदगांव-बरसाना रोड पर कृष्णा कॉलेज के पास शुक्रवार रात्रि हुए सड़क हादसे में 55 वर्षीय बाबूलाल की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस द्वारा अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने पर परिजनों ने चौकी में हंगामा कर दिया। चालक का नाम रिपोर्ट में शामिल करने की मांग की। मृतक के पुत्र हेमंत ने तहरीर में बताया कि 8 अगस्त की रात करीब 7 बजे उनके पिता खेत से घर लौट रहे थे, तभी बरसाना की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से बाबूलाल सड़क पर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि गाड़ी को कोकिलावन चौकी इंचार्ज कुंजन चौधरी चला रहीं थीं। गंभीर हालत में बाबूलाल को फरीदाबाद अस्पताल ले जाया गया, जहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। रविवार को एफआईआर में चालक का नाम जोड़ने को लेकर परिजनों ने चौकी पर हंगामा किया। स्थानीय लोगों ने कामां तिराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस के कार्रवाई करने के आश्वासन पर एक घंटे बाद भीड़ सड़क से हटी।