छाता। धर्म और आस्था की नगरी छाता में चैत्र नवरात्रों की अष्टमी पर बृहस्पतिवार सुबह भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। कस्बे के पथवारी मंदिर से माँ भगवती का भव्य डोला नरी सेमरी देवी मंदिर के लिए रवाना हुआ। इस दौरान हजारों श्रद्धालु माँ के जयकारों के साथ डोले की अगवानी में शामिल हुए। डोला यात्रा के दौरान सुरक्षा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। डीजे पर बज रहे माँ भगवती के भक्तिपूर्ण भजनों और लांगुरिया गीतों ने पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। युवा, महिलाएँ और बुजुर्ग सभी नंगे पैर माँ की भक्ति में लीन होकर झूमते-गाते ग्राम सेमरी स्थित देवी मंदिर की ओर बढ़ रहे थे। जैसे-जैसे डोला आगे बढ़ा, आसपास के क्षेत्रों से भी लोग इस डोला में जुड़ते गए, जिससे जनसैलाब देखते ही बन रहा था। डोला से साथ पुलिस मुस्तैद तैनात रही।