शराब के ठेकों को बंद कराने के लिए हंगामा करने के आरोपी पांच युवकों को शुक्रवार की शाम लंबी सुनवाई के बाद सीजेएम डॉ. उत्सव गौरव राज ने जमानत दे दी। जमानत मिलने के बाद कागजात जिला कारागार में देरी से पहुंचने के कारण शुक्रवार को आरोपियों की रिहाई संभव नहीं हो सकी। सुनवाई के दौरान आरोपियों के समर्थकों का कचहरी पर जमावड़ा लगा रहा। वृंदावन में शराब के ठेके पर हंगामा करने वाले आरोपियों ने अधिवक्ता के माध्यम से सीजेएम डॉ. उत्सव गौरव राज की अदालत में जमानत के लिए याचिका दाखिल की। ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी एसपी यादव ने कोर्ट में दलील दी कि आरोपियों ने शासकीय संस्था को बंद कराने का प्रयास किया। इससे सरकार को राजस्व की हानि हो सकती थी। साथ ही लोक व्यवस्था भी छिन्न भिन्न हो सकती थी।