आगामी राधाष्टमी मेला 2025 के सफल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए बुधवार को बरसाना के लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता एडीजी जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और मंडलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की, जिसमें मेले की तैयारियों और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई। अनुमान है कि इस वर्ष राधा रानी के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर 20 लाख से अधिक श्रद्धालु बरसाना पहुंचेंगे। इस विशाल भीड़ के प्रबंधन को देखते हुए बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।