मैनपुरी के गांव जरामई में भेड़िये द्वारा हमले की घटना के बाद वन विभाग अलर्ट हो गया है। डीएफओ ने 7 सदस्य टीम बनाकर जांच व कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। टीम क्षेत्र में आसपास गश्त करेगी और भेड़िये की मौजूदगी के संबंध में लोगों से पूछताछ करेगी। वहीं स्थानीय पुलिस भी वन विभाग की टीम का सहयोग करेगी। बता दें कि शनिवार की रात गांव निवासी प्रांशु पर भेड़िये ने हमला कर दिया था। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया। जिसके बाद वन विभाग की 7 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। टीम भेड़िये के पंजे के निशान आदि को लेकर जांच करेगी।