किसान पंचायत में शामिल होने आगरा से फर्रुखाबाद जा रहे भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का मैनपुरी के पदाधिकारियों ने सोमवार को जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने बेवर में किसानों और पदाधिकारियों को संबोधित भी किया। साथ ही सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोग सरकार तो किसानों के नाम पर बनाते हैं लेकिन सत्ता संभालने के बाद सरकार के यही लोग पूंजीपतियों के पक्ष में कानून बनाते हैं। किसानों का उत्पीड़न किसी हालत में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि मैनपुरी में लिंक एक्सप्रेस के लिए चनेपुर, छबीलेपुर, अकबरपुर सहित कई गांव की जमीन अधिग्रहीत की जा रही है। लिंक एक्सप्रेस-वे पर बनने वाले कट के आसपास सरकार 2000 बीघा जमीन सरकार खरीद रही है। इससे कुछ किसान तो पूरी तरह भूमिहीन हो जाएंगे। सरकार को 70 लाख रुपये प्रति बीघा से कम कीमत पर जमीन नहीं दी जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन के कहा कि सरकार किसानों की जमीनों का जबरन अधिग्रहण करना चाहती है। सरकार पुराने सर्किल रेट के हिसाब से किसानों की जमीन खरीदना चाहती है। भाजपा सरकार पूरी तरह किसान विरोधी है। प्रदेश सचिव तिलक सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार में किसानों पर अत्याचार किया जा रहा है। डीएपी और यूरिया के लिए किसानों की लंबी लाइनें लग रही हैं। फिर भी किसानों को डीएपी नहीं मिल रही है। सरकार किसानों के प्रति संवेदनशील नहीं है। मंडल उपाध्यक्ष रूपेंद्र शाक्य, राजा ठाकुर, जिलाध्यक्ष मुकेश यादव, महिला अध्यक्ष गीतादेवी, युवा अध्यक्ष नीरज यादव, ओमवीर यादव, बेंचेलाल राजपूत, राशिद हुसैन, साबिर अली,चंद्रशेखर राजपूत, जरार सिंह मौजूद रहे।