पत्थरमंडी कबरई में स्टेशन मोड़ के पास सोमवार की रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद डंपर के अगले हिस्से में फंसी बाइक को चालक 50 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक डंपर छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए था। कबरई के बबेड़ी गांव निवासी मनोज सिंह उर्फ भोला (38) सोमवार की देर शाम बाइक से किसी कार्य से पत्थरमंडी आया था। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था। स्टेशन रोड पर जिला पंचायत बैरियर के पास पहरा गांव की ओर से गिट्टी लादकर आ रहे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक डंपर के अगले हिस्से में फंस गई जिसके बाद डंपर चालक बाइक व युवक को 50 मीटर तक घसीटता ले गया। दुर्घटना देख आसपास के लोग दौड़ पड़े तब चालक और परिचालक डंपर छोड़कर भाग निकले। बताया जा रहा है कि मृतक ट्रक चालक था। परिवार में उसकी पत्नी व तीन वर्षीय एक बेटी है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना की जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।