मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बुधवार को 139 जोड़ों की शादियों कराई गईं। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाया। विदाई की रस्म के दौरान सभी की आंखें नम हो गईं। नगर पालिका की ओर से शहर के छतरपुर रोड स्थित कम्युनिटी गार्डन में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन हुआ। इस दौरान नगरीय क्षेत्र के आठ जोड़ों के विवाह कराए गए जबकि ब्लॉक कबरई के 41 व चरखारी के 15 जोड़ों की भी यहां शादियां हुईं। जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, समाज कल्याण अधिकारी हर्षवर्धन नायक ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। पनवाड़ी संवाद के अनुसार ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह योजना के तहत 37 जोड़ों की शादियां हुईं। इनमें एक मुस्लिम जोड़े का निकाह कराया गया। ब्लॉक प्रमुख अंजना श्रीप्रकाश अनुरागी ने नवविवाहित वर-वधू को उनके सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।