संवाद न्यूज एजेंसी बार/पुलवारा। थाना क्षेत्र के गढ़िया गांव में शनिवार शाम कार सवार लोगों ने होमगार्ड के बंद मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से गांव में अफरा-तफरी मच गई। मकान के दरवाजे, विद्युत मीटर और दीवार पर कारतूस के निशान मिले हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित तोरन यादव होमगार्ड हैं और वर्तमान में ललितपुर शहर में यातायात ड्यूटी कर रहे हैं। उनके पुत्र बृजेंद्र यादव ने बताया कि वह परिवार के साथ ललितपुर में रहकर बिल्डिंग मैटेरियल आपूर्ति का काम करते हैं। आरोप है कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे बिना नंबर प्लेट की सफेद कार से छह-सात लोग गांव पहुंचे। आरोपियों ने पहले घर के आसपास दो-तीन चक्कर लगाए। इसके बाद घर के बाहर चबूतरे पर बैठे उनके चाचा के 13 वर्षीय बेटे से छोटे भाई सत्यपाल यादव का मोबाइल नंबर मांगा। किशोर ने अपने मोबाइल से सत्यपाल को फोन लगाया, लेकिन आरोपियों ने उससे बात नहीं की। इसके बाद उन्होंने सत्यपाल उर्फ सोनू का मोबाइल नंबर ले लिया। आरोप है कि फोन पर खुद को फ्लिपकार्ट से बताते हुए पार्सल लेने की बात कही गई। उस समय सत्यपाल मौके पर मौजूद नहीं था। इसके बाद आरोपियों ने बंद मकान पर फायरिंग शुरू कर दी और कार से मौके से भाग निकले। बृजेंद्र के मुताबिक, मोहल्ले के लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद वह ललितपुर से गढ़िया पहुंचे और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से घटना के संबंध में पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ जिंदा कारतूस और खाली खोखे बरामद किए हैं। पीड़ित पक्ष ने करीब आठ से दस राउंड फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। मौके पर पहुंचे प्रभारी थाना प्रभारी अजय पाल सिंह ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। तीन टीमें लगाकर हमलावरों की तलाश सीओ तालबेहट आशीष मिश्रा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। कार सवार हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई हैं।