सावन माह में बड़ी संख्या में कांवड़िये लखीमपुर से गोला गोकर्णनाथ स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए जाते हैं। कांवड़ियों की सेवा के लिए लखीमपुर से करीब छह किलोमीटर दूर गोला रोड हाईवे पर निशुल्क कांवड़िया सेवा शिविर लगाया गया है। यहां पूरे सावन माह कांवड़ियों के लिए खानपान से लेकर ठहरने और स्वास्थ्य सुविधाओं तक की व्यवस्था की गई है। शिविर में कांवड़ियों को प्रतिदिन पूड़ी-सब्जी, कढ़ी-चावल, हलुआ, चना, चाउमिन, डोसा, समोसा, पकौड़ी, चाय, शरबत और कोल्डड्रिंक सहित विभिन्न खाद्य पदार्थ निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। दिन-रात यहां कांवड़ियों की सेवा के लिए स्वयंसेवक जुटे रहते हैं। शिविर के संचालक नटवर सिंह ने बताया कि यह सेवा शिविर पिछले 13 वर्षों से लगातार लगाया जा रहा है। शहर के लोगों के सहयोग से हर वर्ष पूरे सावन माह कांवड़ियों की सेवा की जाती है। उन्होंने बताया कि शिविर में भोजन और पेय पदार्थों के साथ कांवड़ियों के रुकने और सोने की भी व्यवस्था है। इसके अलावा स्नान की सुविधा, जूते-चप्पल की मरम्मत तथा स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी भी शिविर में दिनभर मौजूद रहकर कांवड़ियों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। कांवड़िये यहां कुछ देर विश्राम करने के बाद भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ लेकर अपनी यात्रा आगे बढ़ा रहे हैं।