लखीमपुर खीरी जिले में बाढ़ और नदी कटान से प्रभावित किसानों व ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर सपा नेताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव, पूर्व एमएलसी शशांक यादव, पूर्व विधायक डॉ. आरए उस्मानी, विनय तिवारी, सुनील लाला, अनुराग पटेल, कय्यूम खान, मिर्जा शेखू समेत तमाम लोग डीएम कार्यालय पहुंचे। ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं, जहां नदी के कटान से सैकड़ों मकान और जमीनें बह गईं। कई किसान बेघर हो गए हैं, जबकि हजारों किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न होकर नष्ट हो गईं। पीड़ितों को तत्काल राहत देने और राजस्व विभाग से निष्पक्ष सर्वे कराकर फसलों का मुआवजा व नदी में कटे घरों के पात्र व्यक्तियों को आवासीय जमीन और आवास उपलब्ध कराने की मांग की गई। सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने कहा कि बाढ़ से परेशान किसानों को चीनी मिलों के बकाया भुगतान न मिलने से अतिरिक्त संकट का सामना करना पड़ रहा है। बजाज चीनी मिल पलिया, गोला और खम्मारखेड़ा द्वारा किसानों का गन्ना भुगतान रोके जाने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द भुगतान कराने की बात कही। डीएम से मिलकर यह भी कहा कि बाढ़ की वजह से हुई जन हानियों, मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से शीघ्र आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाए।