लखीमपुर खीरी में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। दूल्हे के रूप में सजे भगवान शिव की बरात शहर की सड़कों पर धूमधाम से निकाली गई। गढ़ी मार्ग स्थित यज्ञशाला मैदान से शिव बारात निकली और शहर के मुख्य मार्गों से वापस होते हुए भुईफोरवानाथ मंदिर पर पहुंची। इस दौरान बरात का जगह जगह स्वागत हुआ। बरात मेला मैदान चौराहा होते हुए इमली चौराहा, आर्यकन्या चौराहा, मेन रोड, सदर चौराहा, संकटा देवी मार्ग से मेला मैदान पहुंचीं। बरात के स्वागत में जहां जगह जगह द्वार बनाए गए और गेंदे और गुलाब के फूलों, गुब्बारों, विद्युत बल्ब की लड़ियों से शहर के मार्ग सजाए गए। बरात में डीजे की धुन पर बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने नृत्य किया। शिव-पार्वती के वेश में कलाकारों ने शिव तांडव किया। इस दौरान भूत और पिचाश के वेश में मौजूद कलाकार भी धुन पर खूब झूमे। शहर में जगह जगह बड़ी संख्या में लोग बरात देखते नजर आए। उधर छोटी काशी गोला गोकर्णनाथ में भी बुधवार शाम को भूतभावन भगवान शंकर की भव्य बारात निकाली गई। बारात में पौराणिक शिव मंदिर कमेटी के अध्यक्ष जनार्दन गिरि, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू, धर्मेंद्र गिरि मोंटी, पारस प्रसाद मिश्र, अरविंद पांडे, अशोक सक्सेना, संजय अवस्थी, सचिन सिंह, श्रतुघ्न मिश्रा आदि बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। नगर वासियों जगह-जगह बारात का स्वागत किया। ओयल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कस्बे के मोहल्ला बगिया से शिव भक्तों द्वारा विगत वर्ष की तरह इसी वर्ष भी भव्य शिव बरात का आयोजन किया गया।