लखीमपुर खीरी के गोला-मोहम्मदी हाईवे पर शुक्रवार को पिकअप और बाइक की टक्कर से एक कांवड़िये की मौत हो गई। सीतापुर जिले की महोली कोतवाली के बड़ागांव निवासी आकाश (22) पुत्र रामकुमार, महोली के ही शिवा (17) नई बस्ती रेलवे गंज हरदोई निवासी 16 वर्षीय रितिक के साथ बाइक से कांवड़ लेकर गोला गोकर्णनाथ जा रहे थे। मोहम्मदी-गोला मार्ग पर भीखमपुर के पास इनकी बाइक पिकअप से टकरा गई। हादसे में बड़ागांव निवासी आकाश की मौके पर मौत हो गई। शिवा और रितिक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों व कांवड़ियों ने सड़क पर चार घंटे हंगामा किया, जिससे आवागमन बाधित रहा। पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया। अफसरों ने समझाने पर परिजन माने। इसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।