लखीमपुर खीरी में आचार संहिता खत्म होने के बाद मंगलवार को सेवा योजना विभाग की ओर से आईटीआई में रोजगार मेला आयोजित किया गया। यहां कुल 232 युवाओं ने पंजीकरण कराया, इनमें से 115 का नौकरी के लिए चयन हुआ। मेले में आने वाले ज्यादातर युवा कम वेतन और नौकरी के लिए दूसरे शहरों में भेजे जाने को लेकर मायूस होकर लौट गए। युवाओं ने बताया कि सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, बीमा एजेंट, हेल्फर, टेक्नीशियन आदि पदों पर चयन किया जा रहा है। कंपनियां 10 से 22 हजार रुपये तक वेतन देने की बात कह रही हैं। ज्यादातर पदों पर वेतन 15 हजार से कम ही है। इतने कम वेतन पर दूसरे शहर में रहना और काम करना मुश्किल है। मेले में कुल चार कंपनियां पहुंची। आसपास के जिलों में नौकरी का ऑफर देने वाली कंपनी में सर्वाधिक युवा चयनित हुए। रोजगार मेला के दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी साक्षी डागुर, सेवा योजना विभाग के राजेश सिंह, मॉडल करियर सेंटर के यंग प्रोफेशनल विवेक यादव आदि मौजूद रहे।