लखीमपुर खीरी के उचौलिया थाना क्षेत्र के गांव डुडौलिया में बुधवार से लापता युवक देवेंद्र सिंह (35) का शव लहूलुहान हालत में शनिवार दोपहर उसके ही घर के कमरे में मिला। घर के मुख्य दरवाजे पर अंदर से ताला लगा था। कमरे में बाहर से ताला लगा था। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया था। सूचना पर फॉरेंसिक टीम ने सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। युवक ससुराल में हरदोई जिला के बघौली थाना क्षेत्र के गांव लोधी में परिवार के साथ रहता था। मंगलवार को यहां गेहूं की सिंचाई करने आया। गांव डुडौलिया निवासी अशोक सिंह का पुत्र 35 वर्षीय देवेंद्र सिंह अपनी पत्नी रेखा और दो बच्चों, बेटा अंश (10) और बेटी (5) के साथ हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र में गांव लोधी में ससुराल में रहता था। प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का मामला है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। शव जमीन पर पड़ा था। हत्यारों ने ऊपर से गद्दा डाल दिया था। जांच कराई जा रही है।