लखीमपुर खीरी के निघासन कस्बा के नानक नगर वार्ड संख्या 10 (छीटन पुरवा गांव) में उस समय सनसनी फैल गई, जब लापता युवक बाबूराम (35) का शव पांच दिन बाद रविवार को तालाब किनारे स्थित गन्ने के खेत से बरामद हुआ। परिजनों ने लेनदेन के विवाद को हत्या का कारण बताते हुए पड़ोसी गांव के चार युवकों पर आरोप लगाए हैं। कोतवाल निघासन महेशचंद्र ने बताया कि लेनदेन विवाद में नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान बाबूराम का शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।