बाजारों में ईद को लेकर रौनक दिखने लगी है। खरीदारी के लिए लोग बाजार में पहुंच रहे हैं। रंग-बिरंगे कपड़े व सेवईयों की खरीदारी कर रहे हैं। हर किसी को ईद का इंतजार है। ईद को लेकर लखीमपुर खीरी जिले के विभिन्न बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। सबसे अधिक शहर के खपरैल बाजार में देर रात तक चहल-पहल का माहौल बना हुआ है। यहां लोग देर रात तक खरीदारी करते दिखाई दे रहे हैं, ज्यों ज्यों ईद का समय नजदीक आएगा बाजार में देर रात और रौनक व भीड़भाड़ देखने को मिलेगी। शहर की जामा मस्जिद के पास ईद को लेकर बाजार सज गई है। यहां कुर्ते, पजामे, शूट, टोपी, रुमाल, तरह तरह के इत्र मिल रहे हैं। इसके अलावा खाने की चीजों की दुकानें भी लगी हुई हैं।