लखीमपुर खीरी में गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती सोमवार को धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर सभी गुरुद्वारों में शबद कीर्तन, भजन, अरदास और लंगर का आयोजन हुआ और गुरु गोबिंद सिंह को याद करते हुए उन पर विचार गोष्ठी भी हुई। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में सोमवार को गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस अवसर पर हजूरी रागी अनूप सिंह, करनैल सिंह, गुरविंदर सिंह, कथावाचक ज्ञानी महताब सिंह भिंडर, पंजाब के इंटरनेशनल दाढी जत्था हरपाल सिंह और लुधियाना के राजेन्दर पाल सिंह ने अपनी वाणी से संगत को निहाल किया। इस दौरान परिवार समेत डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी गणेश प्रसाद साहा, सीओ सिटी रमेश तिवारी, मोंटी गिरी और कमेटी अध्यक्ष कुलवंत सिंह खैरा, सचिव गुरजीत सिंह जुनेजा, समेत पूरी प्रबंधक कमेटी मौजूद रही।