लखीमपुर खीरी के मोहम्मदी रेंज के गांव देवरी के आसपास बाघ की चहलकदमी और दहाड़ ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति आक्रोश भी बढ़ रहा है। एक सप्ताह पहले बाघ ने मोहम्मदी के गांव शाहपुर राजा निवासी प्रभुदयाल पर हमला कर मार डाला था। अगले दिन बाघ नयागांव के पास देखा। रास्ते पर बाघ देख ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। वन विभाग की टीमें कॉम्बिंग कर रही हैं, लेकिन बाघ अब तक पकड़ से दूर है। अब देवरी गांव के ग्रामीणों का एक वीडियो सामने आया है। इसमें ग्रामीण गांव के आसपास तीन बाघों की मौजूदगी की बात कह रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात भर जागकर पहरेदारी कर रहे हैं। दहशत और रात को सुनाई देने वाली बाघ की दहाड़ सोने नहीं दे रही है। आरोप है कि गांव में अब तक वन विभाग की टीम नहीं आई है। गांव के राजेश कुमार का कहना है कि गांव के पास तीन बाघ देखे गए हैं।