लखीमपुर खीरी में हनुमान जी के जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार सुबह शहर के सुभाष पार्क से भव्य कीर्तनमयी पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा सुबह 6:00 बजे सुभाष पार्क से चलकर लखीमपुर सीतापुर हाईवे पर ओयल कस्बे से पहले स्थित गुलरी पुरवा बालाजी धाम तक पहुंची। यहां पर भक्तों ने लंबी कतार में लगकर बाला जी के दर्शन किए। पदयात्रा में हजारों की संख्या में हनुमत भक्त शामिल हुए। जय श्री राम और बजरंगबली की जय से पूरा वातावरण गुंजायमान हो गया। पदयात्रा में चल रही सजीव झांकियां लोगों का मन माह रहीं थीं। वहीं एलआरपी चौराहा और जलभवन के निकट समेत रास्ते में अन्य कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। जगह-जगह पर शरबत वितरण भी किया गया। पदयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पर पुलिस बल मौजूद रहा। एसपी संकल्प शर्मा ने सीओ सिटी रमेश तिवारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।