लखीमपुर खीरी में करवा चौथ को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। बुधवार को जगह-जगह करवों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ दिखी। मिट्टी के पारंपरिक करवों से लेकर आधुनिक स्टील और तांबे के सजे-धजे करवे, थालियां और छलनियां बाजार में खूब बिक रही हैं। मेन रोड, सदर चौराहा, संकटा देवी मार्ग, मेला रोड, मेला मैदान, खीरी रोड और विकास भवन के आसपास फुटपाथ पर भी दुकान लगी हैं। दुकानदार दीपू, नितिन, अशोक और राजू ने बताया कि अभी करवा चौथ में दो दिन बाकी हैं, लेकिन खरीदारी जोरों पर है। महिलाओं को इस बार डिजाइनर करवा और चमकीले रंगों वाले सेट अधिक पसंद आ रहे हैं। करवों की कीमत 20 रुपये से शुरू होकर 400 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं पूरा सेट जिसमें सजा हुआ करवा, छलनी और थाली शामिल है 200 रुपये से शुरू होकर 600 रुपये में बिक रहा है।लाइटों और रंग-बिरंगी वस्तुओं से सजे स्टॉल महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं।