लखीमपुर खीरी के भीरा कस्बे में दरोगा जुबेर अहमद के निर्देशन में 21 हजार रुपये के इनामी शिवकुमार को पकड़ने गई पुलिस टीम पर शुक्रवार सुबह कुछ लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे थाने की जीप के शीशे टूट गए। हमले में तीन सिपाही भी घायल हुए हैं। अचानक हुए हमले से किसी तरह से पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाया। सूचना मिलते ही कई थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस टीम ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। हालांकि आरोपी शिवकुमार फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।