लखीमपुर खीरी में परिषदीय विद्यालयों के विलय के विरोध में आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। सभी कार्यकर्ता शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान (विलोबी) में इकट्ठा हुए और प्रदर्शन करते हुए डीएम कार्यालय जाकर राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि कि सरकार द्वारा 27965 प्राथमिक विद्यालयों को विलय करके बंद करना यह संविधान के अनुच्छेद 21 ए शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 और अनुच्छेद 46 (कमजोर वर्गों की शिक्षा और आर्थिक हितों की सुरक्षा) के प्रावधानों का उल्लंघन है। गरीबों के बच्चों को सरकारी स्कूलों में शिक्षा मिलना अनिवार्य है। कार्यकर्ताओं ने स्कूल विलय का निर्णय वापस लेने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अजय गौतम ने कहा कि कौशाम्बी के लोहदा गांव में आठ वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, प्रयागराज के इसौटा गांव में अनुसूचित जाति के व्यक्ति को जिंदा जलाकर मार देने की घटना में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि प्रदेश में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जाए वरना आजाद समाज पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।