लखीमपुर खीरी जिले के संपूर्णानगर-सिंगाही खुर्द क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय चंद्रिका प्रसाद को बाघ ने मार डाला। इस घटना के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर है। बाघ को पकड़ने के लिए गांव में पिंजरा लगवाने की कवायद शुरू कर दी। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद चंद्रिका का शव गांव पहुंचा तो चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शुक्रवार देर रात आक्रोशित परिजनों ने हंगामा किया था।
कॉलोनी के अमित, करन, विष्णु, अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वृंदावन कॉलोनी जंगल किनारे बसी है। यहां बाघ व तेंदुए का भय बना रहता है। इससे पूर्व नल पर पानी ले गई महिला को बाघ ने मार डाला था। गांव के आसपास बाघ की मौजूदगी बनी रहती है। ग्रामीणों ने जंगल में फेंसिंग कराने के साथ वन्यजीवों से सुरक्षा के इंतजाम किए जाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी ललित कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ हमारी संवेदना है। बाघ को पकड़ने के लिए पिंजरा मंगाया है। मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की मुआवजे के लिए रिपोर्ट बनाकर भेजी जाएगी।