लखीमपुर खीरी के धौरहरा तहसील परिसर के मुख्य गेट के बाहर खड़ी एक बाइक में बृहस्पतिवार को अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जुट गई। ईसानगर कस्बा निवासी शमीम अहमद किसी कार्य से तहसील आए थे। उन्होंने अपनी बाइक तहसील परिसर के मुख्य गेट के बाहर खड़ी की और एसडीएम कार्यालय चले गए।
इसी दौरान अज्ञात कारणों से बाइक में अचानक आग लग गई। लोगों ने आग की सूचना शमीम अहमद को दी और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक काफी हद तक जल चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना में बाइक को काफी नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि समय रहते आस-पास खड़े लोगों ने सतर्कता बरती, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।