कासगंज में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग और महिला कल्याण विभाग ने मिशन शक्ति फेज-5 के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में दुर्गा नवमी के मौके पर बुधवार को कन्या पूजन, गोदभराई और अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया। कार्यक्रम में पांच बच्चों का अन्न प्राशन संस्कार किया गया। पांच गर्भवती महिलाओं की गोदभराई के अलावा 24 कन्याओं का पूजन कर भोजन कराया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप, सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, जिलाधिकारी प्रणय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सचिन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान चलाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं की गोदभराई, कन्या जन्मोत्सव जैसे कार्यक्रम संचालित हो रहे हैं। सदर विधायक ने कहा कि सरकार अपराध मुक्त तथा भय मुक्त समाज की स्थापना करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुशीला आदि मौजूद रहीं।