कासगंज में अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स कार्यक्रम मंगलवार को श्री गणेश इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया। इसमें जिला सैनिक कल्याण और पुनर्वास अधिकारी कमांडर जगवीर सिंह ने छात्राओं को अग्निवीर योजना के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की ओर से आत्मनिर्भर बनने के लिए बेटियों को कौशल विकास योजनाओं के बारे में बताया। कमांडर जगवीर सिंह ने कहा कि बेटियां अपराजिता हैं। यदि वे ठान लें तो सब कुछ मुमकिन है। देश को 2047 तक विकसित बनाना है तो बेटियों को देश सेवा के क्षेत्र में आगे आना होगा। अग्निवीर योजना के तहत बेटियां 17 से 21 साल तक की उम्र में सेना में शामिल होकर देश सेवा कर सकती है। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि जिस क्षेत्र में उनकी रूचि हो, उसमें कॅरिअर बनाए। भविष्य के लक्ष्य बनाएं और उसे पूरा करने के लिए जुट जाएं। लेफ्टिनेंट सत्यप्रकाश ने छात्राओं से कहा कि अगर समय रहते परिश्रम किया जाए तो वक्त आने पर सुखद परिणाम मिलते हैं। यदि वे बोर्ड परीक्षा के लिए पहले दिन से रोजाना पढ़ाई करेंगी तो उन्हें बोर्ड परीक्षा में सफलता जरूर मिलेगी। यही जीवन में सफलता का मूल मंत्र है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए पहले दिन से निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के सुशील कुमार ने कहा कि उनकी संस्था आत्मनिर्भर बनने के लिए 70 से अधिक कौशल विकास कोर्स संचालित करती है। छात्राएं कोर्स का प्रशिक्षण लेकर विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर सकती है। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट मेघेंद्र सिंह, प्राचार्य एचपीएस दुबे, जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक डॉ. जयंत गुप्ता आदि मौजूद रहे। कायक्रम में छात्राओं से प्रश्न पूछे गए। सही उत्तर देने पर एलिस पाराशर, लक्ष्मी यादव, संतोषी, संध्या, शगुन व मोनिका को पुस्तकें देकर सम्मानित किया।