कासगंज के सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के गांव बरौना में बृहस्पतिवार की शाम को जमीन के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले थे। फायरिंग की गई थी। इसमें 8 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। कादरगंज चौकी प्रभारी धीरज कुमार की ओर से दोनों पक्षों के 37 नामजद और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पट्टे की जमीन पर कब्जे को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को एक पक्ष की ओर से बरौना गांव के 50 से ज्यादा लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। जमीन पर कब्जे को लेकर दूसरे पक्ष पर मारपीट करने और फायरिंग के आरोप लगाए। जिलाधिकारी से जांच कराकर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ग्रामीणों की बात सांसद देवेश शाक्य से वीडियो कॉल पर कराई। सांसद ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया।