कासगंज के सोरोंजी तीर्थनगरी को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका परिषद की ओर से सोमवार को मेला ग्राउंड में विशाल मेगा सफाई अभियान चलाया गया। क्लीन सोरों-ग्रीन सोरों अभियान का आगाज करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष रामेश्वर दयाल महेरे और प्रभारी अधिशासी अधिकारी, एसडीएम हर्षिता देवड़ा ने झाड़ू थामकर श्रमदान किया। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि सोरोंजी में राजस्थान, मध्य प्रदेश और अन्य प्रांतों से प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु आते हैं। मेला मार्गशीर्ष की समाप्ति के बाद मेला ग्राउंड में गंदगी के ढेर से तीर्थ की छवि प्रभावित हो रही थी। अब स्वच्छ वातावरण देख यहां आने वाले यात्रियों को सुखद अनुभूति होगी। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से इसे निरंतर जारी रखा जाएगा। सफाई अभियान सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चला। नगर पालिका ने एक जेसीबी, चार ट्रैक्टर ट्रॉली, 10 ई-रिक्शा, चार छोटे लोडर और 20 छोटी कूड़ा गाड़ियों का इस्तेमाल किया। करीब 25 ट्रैक्टर-ट्रॉली कूड़ा एकत्रित कर एमआरएफ सेंटर भिजवाया गया। अभियान में भाजपा नगर अध्यक्ष आदित्य दुबे, जगदीश चंद्र, संपूर्णानंद भारद्वाज, आशुतोष त्रिवेदी, आकाश महेरे, सभासद अतुल महेरे, विजय गिरि आदि मौजूद रहे।