सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) घाटमपुर में रविवार देर रात नवजात चोरी के प्रयास से हड़कंप मच गया। एक महिला ने स्वास्थ्यकर्मी बनकर अस्पताल में प्रवेश किया और परिजनों का विश्वास जीतने के बाद नवजात को चोरी कर भागने की कोशिश की। हालांकि परिजनों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की सक्रियता से आरोपी महिला को मौके से दबोच लिया गया। जानकारी के मुताबिक बम्हौरी गांव निवासी सुशील की पत्नी सुमन ने रविवार को सीएचसी में बेटे को जन्म दिया था। परिवार नवजात के साथ वार्ड में मौजूद था। इसी दौरान मास्क लगाए एक महिला दिन में दो बार वार्ड में पहुंची और खुद को अस्पताल स्टाफ बताते हुए प्रसूता व बच्चे का हालचाल लेती रही। उसके व्यवहार पर किसी को संदेह नहीं हुआ। रात करीब नौ बजे महिला ने परिजनों को यह कहकर वार्ड से बाहर भेज दिया कि अस्पताल के बाहर उनके परिचित का एक्सीडेंट हो गया है। परिजन जैसे ही बाहर गए, महिला ने सुमन के पास लेटे नवजात को उठाकर झोले में रखा और तेजी से बाहर निकलने लगी। कुछ ही देर बाद प्रसूता की नजर बच्चे पर न पड़ने पर उसने शोर मचाया। इसके बाद परिजन और अस्पताल परिसर में मौजूद लोग सक्रिय हुए। लोगों ने महिला का पीछा किया और गेस्ट हाउस के पास उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस महिला को हिरासत में लेकर थाने ले गई।